Crime

किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, महिला सहित 4 गिरफ्तार

व्हाट्सएप पर ग्राहकों को भेजी जाती थीं युवतियों की तस्वीरें, मौके से आपत्तिजनक सामग्री और ₹3,500 नकद बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर कथित देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

देहरादून के एसएसपी के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को 23 अक्टूबर को संस्कृति लोक कॉलोनी, ब्राह्मणवाला क्षेत्र में किराये के कमरे में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लेन नंबर-1 स्थित एक मकान में अचानक छापेमारी की।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मकान के एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से कथित रूप से देह व्यापार संचालित करने वाली महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से होता था संपर्क

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, मुख्य आरोपी महिला अजमीरा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी तथा उन्हें युवतियों की तस्वीरें भेजती थी। ग्राहकों की मांग के अनुसार बाहरी जनपदों और अन्य राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराये के कमरे में अनैतिक देह व्यापार कराया जाता था।

अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के पते देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जनपदों से संबंधित हैं।

पुलिस टीम

कार्रवाई में पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल पंकज और महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।